रोचक कहानी क्यों भूल जाते है ज्ञान। जरूर पढ़े


करन अर्जुन प्रसिद्ध सी फिल्म भी थी, लेकिन आम तौर पर ये दोनों महाभारत के पात्रों के रूप में जाने जाते हैं। दोनों करीब करीब एक ही स्तर के धनुर्धर थे। कौशल के अलावा दोनों के पास अस्त्र-शस्त्रों के अलावा दिव्य धनुष भी थे, अर्जुन के पास गांडीव तो कर्ण के पास विजया नाम का धनुष था। इस सब के बाद भी अपने काल के ये सर्वश्रेष्ठ धनुर्धर जब भी आपस में टकराए तो जीत अर्जुन की होती है, कर्ण हार जाता है। कर्ण के साथ समस्या ये थी कि उसे गुरु से झूठ बोलने के कारण शाप मिला था कि जब सबसे जरूरी होगा, तभी वो सारा सीखा हुआ भूल जाएगा!


क्या किसी के बोल भर देने से कोई सारे दिव्यास्त्रों का ज्ञान भूल गया होगा? अगर मिथकीय के बदले इसे साधारण मनुष्यों के स्तर पर देखें तो इसे समझना थोड़ा आसान हो जाता है। शिक्षा प्राप्त करने के बाद अर्जुन लगातार अभ्यास में जुटा रहा। खाण्डव-वन के लिए वो इंद्र से लड़ता है, किरातार्जुनीय जिसपर आधारित है, उस कथा में अर्जुन शिव से लड़ रहा होता है। बाद में वो इंद्र के पास शिक्षा भी लेता है और अपने अहंकार में हनुमान जी को चुनौती देता भी दिखता है। ऐसे इंद्र, शिव या हनुमान जी जैसे प्रतिद्वंदियों के लिए वो क्या साधारण अस्त्रों का प्रयोग कर रहा होगा?



शायद नहीं। इनसे लड़ने के प्रयास में उसने अपने पास मौजूद सबसे भारी भरकम हथियार निकाले होंगे। उसे ऐसे दिव्यास्त्रों के प्रयोग का अभ्यास रहा। उसकी तुलना में कर्ण ने ऐसे प्रतिद्वंदी नहीं (या कम) चुने थे। नागों-गन्धर्वों से लड़ते अर्जुन दिखते हैं, पांडवों के वनवास के समय गन्धर्वों से लड़ने में कर्ण का बुरा हाल हुआ था। बाद में अर्जुन को ही दुर्योधन को गन्धर्वों की कैद से छुड़ाना पड़ा था। आम आदमी की तरह सोचें तो संभवतः अभ्यास के कारण अर्जुन को तो अपने दिव्यास्त्र अच्छी तरह याद थे, लेकिन कर्ण उनमें से कई का प्रयोग सिर्फ जानता होगा, कैसे किया जाता है, ये उसने करके नहीं देखा होगा। कोई आश्चर्य नहीं कि वो जरूरत के समय उन्हें इस्तेमाल ही नहीं कर पाया।


ऐसा ही पढ़ाई के समय भी अक्सर कहा जाता है। लिखकर अपने नोट्स बनाने की सलाह (दूसरों को) इसलिए दी जाती है ताकि वो याद रहें (अपनी बारी में लोग कर्ण हो जाते हैं – यानी सलाह भूलते हैं)। महाभारत के एक लाख के लगभग श्लोकों का भी ऐसा ही हुआ होगा। हो सकता है कि ऋषि व्यास को भी लगा हो कि लोग इसे भूल न जाएँ इसलिए उन्होंने गणेश जी से इसे लिखवा लेने की सोची। उस दौर में शायद इसे “लिख” पाने की क्षमता वाले गणेश जी ही इकलौते थे। लिखने के मामले में भी गणेश जी और ऋषि व्यास आपस में स्पर्धा करते दिखते हैं। एक का कहना था मैं रुक गया तो आगे नहीं लिखूंगा, दूसरे हर थोड़ी देर में ऐसा श्लोक कहते जिसका अर्थ सोचना पड़े, और बिना समझे न लिखने की शर्त साथ लगा देते हैं!



जिस गणेश जी को लिखने के फायदे इतनी अच्छी तरह पता हों, उनके लिखने-पढ़ने के दूसरे किस्से भी आते हैं। जैसे उत्तर भारत में नवरात्रि के समय (कई बार ऐसे भी) लोग “दुर्गा सप्तशती” का पाठ करते दिखते हैं, वैसे ही दक्षिण भारत में “सौन्दर्यलहरी” का प्रचलन है। इस ग्रन्थ में सौ के लगभग श्लोक होते हैं (कुछ अन्य श्लोक शायद बाद के ऋषियों ने जोड़े हैं)। सौन्दर्यलहरी की ये कहानी आदिशंकराचार्य के वाराणसी (काशी) प्रवास के समय से जुड़ी होती है। इसके मुताबिक एक दिन आदिशंकराचार्य भगवान शिव से मिलने उनके निवास कैलाश पर चले। जब वो वहां पहुंचे तो उन्होंने देखा कि एक शिला की दिवार सी है, जिसपर काफी कुछ लिखा हुआ है।


आदिशंकराचार्य रूककर पढ़ने लगे कि आखिर ये लिखा क्या है? उन्हें पढ़ते हुए गणेश जी ने देख लिया। गणेश जी को लगा कि विशेष प्रयासों के बाद मिलने वाला ये ज्ञान अगर आदिशंकराचार्य को मिल गया तो ये तो उन्हें सभी आम लोगों में बाँट आयेंगे! बस फिर क्या था, ऊपर की तरफ से आदिशंकराचार्य ने पढ़ना शुरू किया था कि गणेश जी नीचे से श्लोक मिटाने लगे! जब तक आदिशंकराचार्य शुरुआत के 41 श्लोक पढ़ पाते बाकी के 59 श्लोक गणेश जी मिटा चुके थे। आदिशंकराचार्य जब शिव जी के पास पहुंचे तो उन्होंने ये बात बताई और शिव जी ने कहा कि तुम्हारी क्षमता इतनी है कि बाकी के श्लोक तुम स्वयं ही रच लो।


ऐसा माना जाता है कि सौन्दर्यलहरी का शुरूआती 41 श्लोकों का हिस्सा (आनंदलहरी) सीधा भगवान शिव की रचना है और बाद के 59 श्लोक आदिशंकराचार्य ने (उसी शिखरिणी छंद में) जोड़े हैं। दोनों भागों में स्पष्ट अंतर भी है। शुरूआती 41 श्लोकों में मन्त्र, यंत्र और कर्म-काण्ड इत्यादि से जुड़ी बातें हैं और बाद के 59 में अलंकारयुक्त भाषा में देवी की प्रशंसा है। नवरात्रि आज से शुरू होती है और बीच में कुछ छुट्टियाँ भी होंगी। अगर रामचरितमानस, भगवद्गीता, दुर्गा सप्तशती, सौन्दर्यलहरी जैसा कोई भी हिन्दुओं का ग्रन्थ कभी पहले पन्ने से आखरी पन्ने तक पूरा न पढ़ा हो, तो एक बार इन्हें पूरा पढ़ डालने का संकल्प भी लिया जा सकता है। ये सभी नौ दिन में एक बार तो पूरे पढ़े ही जा सकते हैं।


बाकी कुछ ने नवरात्रि पर उपवास किया होगा और कुछ ने नहीं, विविधताओं का सम्मान करने वाले देश में सभी अपने अपने तरीके से बलिहोमप्रिया देवी तारा, छगबलीतुष्टा महाशक्ति कामख्या की उपासना में जुटे होंगे।