मेरठ। मेरठ पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। 18 थानों की पुलिस ने 24 घंटे के विशेष अभियान में 28 चोर गिरफ्तार करते हुए चोरी के 60 वाहन बरामद किए। पुलिस ने पचास फीसदी से ज्यादा वाहनों को ट्रैक कर लिया है। इनके मालिकों से संपर्क साधा जा रहा है।
शनिवार को एसएसपी अजय साहनी ने बताया कि मेरठ में बड़ी संख्या में वाहन चोरी हो रहे थे। इसे देखते हुए एक आदेश जारी किया गया और वाहन चोरों के खिलाफ 24 घंटे का विशेष अभियान चलाया गया। इसमें 30 में से 18 थानों की पुलिस को वाहन चोर पकड़ने में सफलता मिली। बड़ी संख्या में चोरी हुए वाहन भी बरामद किए गए हैं। एसएसपी ने बताया कि बरामद वाहनों में कुछ वाहन दिल्ली से भी चुराए गए थे। दिल्ली पुलिस से इस बारे में संपर्क साधा जा रहा है।
वाहन काटकर कलपुर्जे बेचते थे
सरधना पुलिस ने वाहन काटने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। चार अभियुक्तों सोनू उर्फ पंकज, अज्जू उर्फ नूर हसन, आमिर को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने बाइक और स्कूटी को काटकर उनके पुर्जे बेचने की बात कुबूली। बरामद वाहन दिल्ली और मेरठ से चुराए गए थे। इनसे दो स्कूटी, पांच बाइक सहित बाइकों के कलपुर्जे बरामद हुए हैं। ज्यादातर आरोपियों ने खुलासा किया कि वे वाहनों को चुराने के बाद उन्हें कलपुर्जे के रूप में बेचते थे। इसमें ठीक मुनाफा हो जाता था। आरोपियों के मुताबिक, सोतीगंज में अब पूरी बाइक बेचने में पकड़े जाने का डर रहता है। इसलिए वे पुर्जों के रूप में बाइकें बेचते हैं।