मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट के आह्वान पर शनिवार को मेरठ में पहली फिट इंडिया दौड़ आयोजित की गई। खेल विभाग की ओर से कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम से आयोजित इस दौड़ में डेढ़ सौ से अधिक खिलाड़ी, बच्चे व वरिष्ठ जनों ने हिस्सा लिया। दौड़ के दौरान फिट इंडिया के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए फिट इंडिया और भारत माता की जय के नारे भी लगाए गए। रास्ते पर जगह-जगह मिले लोगों ने भी खिलाड़ियों व अन्य लोगों का हौसला बढ़ाया और फिट इंडिया को सहयोग प्रदान किया। पूरी दौड़ के दौरान हर वर्ग के लोगों में पूरा उत्साह दिखा और शहर के लोगों ने भी उसी उत्साह से उनका हौसला बढ़ाते हुए आगे बढ़ाया। कुछ लोगों ने बीच रास्ते में दौड़ को ज्वाइन भी किया और दौड़ते हुए स्टेडियम तक पहुंचे।
भारत माता की जय से दौड़ हुई शुरू
खेल विभाग की ओर से शनिवार को फिट इंडिया की पहली दौड़ स्टेडियम से आयोजित की गई। यह दौड़ स्टेडियम से शुरू होकर एसएसपी कार्यालय अंबेडकर चौराहे से होते हुए एनएस डिग्री कॉलेज के सामने से इब्ज़ चौराहे पहुंची। वहां से बच्चा पार्क पहुंची। बच्चा पार्क से शिव चौक, आरजी कॉलेज और कचहरी होते हुए वापस स्टेडियम पर समाप्त हुई। इसमें स्टेडियम में सुबह ट्रेनिंग के लिए आने वाले सभी बालक बालिका खिलाड़ियों के साथ ही सुबह शहर को आने वाले वरिष्ठ जन, बच्चे, महिलाएं आदि ने हिस्सा लिया। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी आले हैदर की अगुवाई में सभी ने छह बजे दौड़ शुरू कर दी और करीब 1 घंटे में घूमते टहलते वापस स्टेडियम पहुंच गए।
शहर को फिटनेस के प्रति किया जागरूक
शहर के लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के लिए आयोजित इस दौड़ के दौरान सभी ने एक दूसरे को प्रोत्साहित किया।