मायानगरी मुंबई में आसमान से एक बार फिर से आफत बरस रही है, भारी बारिश के कारण एक बार फिर यह शहर पानी-पानी हो गया है, यही नहीं मुंबई और आस-पास के इलाकों में भी तेज बारिश के कारण जगह-जगह जलजमाव हो गया है, लोगों को आने-जाने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे ट्रैक पर जलभराव के कारण कई जगह ट्रेन सेवाएं भी निलंबित की गई हैं। उधर, भारी बारिश के कारण मुंबई एयरपोर्ट से 7 उड़ानों को रद्द किया गया है। वहीं कई विमान सेवाएं देरी से चल रही हैं। आज भी मुंबईकरों को बारिश से राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने आज भी बारिश के जारी रहने की आशंका जताई गई है, इसके अलावा इस दौरान तेज हवाएं भी चलने के आसार हैं, हाईटाइड की आशंका है और इसलिए मछुआरों को समंदर में ना जाने के लिए कहा गया है। मुंबई के अलावा ठाणे, पालघर, रायगड़, रत्नगिरि और सिंधुदुर्ग इलाकों में बारिश जारी रहने की आशंका है। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं।